राम मंदिर के चढ़ावा चोरी मामले में आरोपी लव कुश मिश्रा की मुश्किलें लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। अब अयोध्या विकास प्राधिकरण (ADA) ने उनकी पत्नी सुप्रिया मिश्रा के नाम पर बन रही एक बिल्डिंग को लेकर नोटिस जारी किया है।
प्रशासन ने एक हफ्ते के भीतर जवाब मांगा है। अगर तय समय में जवाब नहीं मिला, तो अवैध निर्माण पर बुलडोजर की कार्रवाई की जा सकती है।
निर्माण में नियमों के उल्लंघन का दावा
अयोध्या विकास प्राधिकरण का कहना है कि जांच के दौरान निर्माण कार्य में नियमों के उल्लंघन की बात सामने आई। इसी वजह से नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
अगर समय पर जवाब नहीं दिया गया, तो अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई, जिसमें ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया भी शामिल हो सकती है।
मौके पर पहुंची टीम ने देखी अनियमितताएं
जब अथॉरिटी के अधिकारी जांच के लिए मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने पाया कि बिल्डिंग का निर्माण नियमों के मुताबिक नहीं हो रहा था।
अधिकारियों के मुताबिक, मकान निर्माण में कायदे-कानूनों की अनदेखी की गई थी। इसके बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लव कुश मिश्रा की पत्नी सुप्रिया मिश्रा को नोटिस थमा दिया।
एक हफ्ते में मांगे गए दस्तावेज
नोटिस में अथॉरिटी ने पूछा है कि क्या इस बिल्डिंग का नक्शा पास कराया गया है या नहीं?
अगर नक्शा पास है, तो उससे जुड़े सभी दस्तावेज एक हफ्ते के भीतर कार्यालय में जमा करने होंगे। अगर तय समय में जवाब नहीं दिया गया या दस्तावेज पेश नहीं किए गए, तो प्रशासन अवैध निर्माण को गिराने की कार्रवाई कर सकता है।
फिलहाल अथॉरिटी को जवाब का इंतजार है।
राम मंदिर में नौकरी के दौरान खरीदी गई थी जमीन
जांच में यह भी सामने आया है कि लव कुश मिश्रा ने राम मंदिर के दफ्तर में काम करने के दौरान यह जमीन अपनी पत्नी सुप्रिया मिश्रा के नाम पर खरीदी थी।
सरकारी दस्तावेजों के अनुसार, यह जमीन 16 अक्टूबर 2025 को सोहावल तहसील के मंगसी परगना इलाके में कमल स्वरूप सिंह से खरीदी गई थी।
कागजों में कीमत 8.8 लाख, बाजार में करीब 25 लाख रुपये
रजिस्ट्री के समय इस जमीन की कीमत सिर्फ 8.8 लाख रुपये दर्ज की गई थी।
हालांकि, मौजूदा समय में इस प्रॉपर्टी की बाजार कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। इसी जमीन पर बिना मंजूरी निर्माण कार्य चल रहा था, जो अब प्रशासन की रडार पर आ गया है।
पहले से जांच के दायरे में है चढ़ावा चोरी का मामला
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला पहले से ही जांच के घेरे में है। पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरे मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं।
अब आरोपी से जुड़ी इस संपत्ति पर भी कार्रवाई शुरू होने के बाद मामला और गंभीर हो गया है।
फिलहाल सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि लव कुश मिश्रा का परिवार अथॉरिटी के नोटिस का क्या जवाब देता है।

